इस बार नही

December 4, 2008

मुम्बई में हुये ताडंव पर अब तक आपने काफी कुछ देखा और पढ़ा होगा। यहाँ पढ़िये मशहूर गीतकार प्रसून जोशी की प्रतिक्रिया।

 

 

इस बार नहीं

इस बार जब वो छोटी सी बच्ची मेरे पास

अपनी खरोंच ले कर आयेगी

मैं उसे फू-फू कर नही बहलाउंगा

पनपने दूँगा उसकी टीस को।

इस बार नहीं

 

इस  बार जब मैं चेहरों पर दर्द लिखा देखूगां

नही गाउँगा गीत पीड़ा भुला देने वाले

दर्द को रिसने दूँगा, उतरने दूँगा अन्दर गहरे।

इस बार नहीं

   

इस बार मैं ना मरहम लगाउँगा

ना ही उठाउँगा रूई के फाहे

और ना ही कहूँगा की तुम आँखे बंद कर लो, गरदन उधर घुमा लो मैं

दवा लगाता हूँ।

इस बार नहीं

   

इस बार जब उलझने देखूगां, छटपटाहट देखूगां

नही दौडूँगा उलझी डोर लपेटने

उलझने दूँगा जब तक उलझ सके।

इस बार नहीं

   

नही करूँगा फिर से एक नई शुरूआत

नही बनूँगा मिसाल एक कर्मयोगी की

नही आने दूँगा जिदंगी को आसानी से पटरी पर

उतरने दूँगा उसे कीचड़ में, टेढ़े-मेढ़े रास्तों पे

नही सूखने दूँगा दीवारों पर लगा खून

हल्का नही पड़ने दूँगा उसका रंग

इस बार नहीं बनने दूँगा उसे इतना लाचार

की पान की पीक और खून का फर्क ही खत्म हो जाये ।

इस बार नहीं

 

इस बार घावों को देखना है

गौर से

थोड़ा लम्बे वक्त तक

कुछ फैसले

और उसके बाद हौसले

कहीं तो शुरूआत करनी ही होगी

इस बार यही तय किया है।

 

…… प्रसून जोशी

 

 

This time when that little girl comes to me with her bruises,

I will not blow gently at her wound,

nor distract her, I will let her pain grow.

Not this time.

 

This time when I see pain on faces

I will not sing the song that eases pain

I will let the pain seep in, deep.

Not this time.

 

This time I won’t apply any balm

Nor will I ask you to shut your eyes

and turn your head

While I gingerly apply medicine

I will let everyone see the open, naked wounds

Not this time.

 

This time when I see difficulty, uneasiness

I will not run to solve the problems

I will let them become complicated

Not this time.

 

This time the wounds need to be watched

Carefully

For a long time

Some decisions are needed

And then some brave moves to be made

We have to begin somewhere

This time this is what I have resolved

… Prasoon Joshi


मैक्स का नया विज्ञापन

September 19, 2008

अभी कुछ दिनों से TV पर मैक्स न्यूयार्क लाइफ इंश्योरेशं का नया ऐड देखने को मिला। आप ने भी जरूर देखा होगा। अगर नही तो देखिये और एक कलात्मक ऐड का लुत्फ उठाईये! कृपया शब्दों पर अवश्य गौर फरमाना।

 


हमारे लिए स्वतंत्रता दिवस का महत्व

August 22, 2008

कल 15 अगस्त था। सुबह देर से सो कर उठा, करीब 9.30 बजे। इस वजह से प्रधानमत्री का लालकिले की प्राचीर से दिया जाने वाला भाषण भी नही सुन पाया। लेकिन कुछ भी अफसोस नही हुआ। पिछले तकरीबन 5-6 सालों से भाषण न सुन पाने का अफसोस होता भी नही है। बाकी मुख्य बातें तो समाचार चैनलों पर दिन भर बजती रहती है। प्रधानमंत्री ने ये कहा, इस चीज का वायदा किया आदि। हर साल ऐसा होता है भाषण में कुछ बातें, कुछ वायदे, कुछ सौगातें। किसे याद रहता है कि पिछ्ले साल का वायदा पुरा हुआ कि नही। हाँ इस बार सरकारी कर्मचारियों को अच्छा तोहफा मिला है। छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने से! अब अपन तो सरकारी नौकरी में है नही, तो अपने को तो कोई फर्क नही पड़ता। पर हाँ मनीष भाई के लिये जरूर खुशी हुई। मनीष भाई पार्टी उधार रही।

स्वतत्रंता दिवस व रक्षा बन्धन एक साथ होने से लगातार तीन छुट्टियों का तोहफा मिला है मन में खुशी है। लेकिन स्वतत्रंता दिवस का कोई उल्लास नही है। आखिर हो भी कैसे। स्वतत्रंता दिवस मनाने का कोई तरीका भी तो नही मालूम, सिवाय दोस्तो को बधाई SMS भेजने के।

बचपन में तो इस दिन का काफी इतंजार रहता था। करीब हफ्ता भर पहले ही तैयारियाँ शुरु हो जाती थी। पतंगे खरीदी जाती थी, माझां व डोर मंगाई जाती थी और सुबह-सुबह सात बजे से ही छ्त पर डेरा जम जाता था, जो कोई दोपहर 2 बजे तक लगातार चलता था। यूँ तो अपन पतंग उड़ाने में कोई मंझे हुए खिलाड़ी नही थे। लेकिन दोस्तों व भाई-बहनों के साथ काफी मजा आता था। इस बीच न धूप की चिंता होती थी न भूख की। वैसे भगवान भी इस दिन काफी मेहरबान रहता है आसमान लगभग बादलों से भरा रहता है। याद नही पड़ता की कभी ऐसा हुआ हो कि तेज धूप की वजह से पतंग न उड़ा पाये हो। 2-3 घंटे के दोपहर के आराम के बाद शाम को फिर से टोली छत पर चढ़ जाती थी। आसमान में चारो तरफ केवल पतंगे ही दिखती थी। हरी, नीली, पीली, लाल, तीन रंग के तिरंगे। डिजाईन के आधार पर पतंगों के कुछ नाम भी होते थे। अब तो दिमाग पर जोर डालने पर भी याद नही आ रहे। आखिर पतंगे उड़ाना भी तो 10-12 साल पहले छूट चुका है। कभी-कभी लगता है शायद बचपन को कुछ पहले ही कहीं पिछे छोड़ दिया है।

अब तो 15 अगस्त के नाम पर याद रहता है केवल एक छुट्टी का दिन। सुबह देर तक सोना, कुछ दोस्तो को SMS करना या फिर फोन पर बाते करना (और वह भी सिर्फ आफिस या आफिस के काम की)। इसके अलावा तो 15 अगस्त की कोई स्पेशल बात नही होती। इस उत्सव को मनाने का कोई तरीका नही दिखाई पड़ता। वैसे इस बार एक बिहारी दोस्त से बात करने पर पता चला की उनके यहाँ इस दिन जलेबी खाने का रिवाज है। क्यों?  क्योकि जलेबी राष्ट्रीय  मिठाई है। यह बात अपनी जनरल नालेज से तो आज तक बाहर ही थी। इधर दिल्ली में तो ऐसा कोई रिवाज देखने सुनने को नही मिलता।

सोचता हुँ कि क्या हम लोग इस  राष्ट्रीय त्यौहार को मनाने का कोई तरीका नही ईजाद कर सकते (झंड़ा फहराने के अलावा)। और अगर वह तरीका सामुहिक रुप में हो तो कितना अच्छा हो, जैसे होली पर सभी लोग सामुहिक तरीके से मनाते है। ऐसा क्या तरीका हो सकता है अगर किसी के दिमाग में कोई विचार हो तो बतायें।


क्या कोई इन्हें रोक सकता है?

July 23, 2008

सावन का मौसम आ पहुचाँ है। इस बार इंद्रदेव सावन आने से काफी पहले ही दिल्ली पर दिल खोल कर बरस चुके है। वैसे सावन आने का आभास हमें अपने चारों ओर पेड़-पौधो पर नये पत्ते, नई-नई हरी घास, आसमां मे फैले काले, सफेद, नीले बादल और कई बार सतरंगी इन्द्र्धनुष को देखकर होना चाहिये। लेकिन दिल्ली में सावन आने का पता इनमें से किसी के भी द्वारा नही लगता। बल्कि यहाँ तो सडकों के किनारे काँवडियों के लिये लगने वाले विश्राम स्थलों को देखकर पता चलता है कि सावन का महीना आ चुका है।

उत्तर भारत मे सावन के महीने में गंगाजल द्वारा शिवलिंग का अभिषेक किया जाता है। जिसके लिये एक बांस के दोनो सिरों पर जलपात्र को बांधकर गंगाजल को लाया जाता है, जिसे कावंड़ कहते है। और कावंड़ लाने वाले लोगो को कावंड़िया कहा जाता है। ये लोग पैदल ही हरिद्वार से गंगाजल लाते है और इस यात्रा के दौरान कांवड़ को जमीन पर नही रख सकते। इन्हीं लोगो के विश्राम के लिये ही जगह-जगह कैंप लगाये जाते है। इन कैपों मे लोग फल-मिठाई एवं दूध वगैरह से इनकी सेवा कर पुण्य लाभ कमाने की कोशिश करते है। कही-कही तो महिलाँये इनके पैर दबाकर अथवा मालिश करके भी अपने को भाग्यवान समझती है।

वैसे तो कावंड़ लाने की प्रथा को पवित्र व इस यात्रा के दौरान सहे जाने वाले कष्टों को तपस्या माना जाता है। परंतु पिछले कुछ वर्षो से, कैंपों में मिलने वाली सुविधाओं की वजह से, कावंड़ियों की संख्याँ लाखों मे पहुँच चुकी है। एक सरकारी अनुमान के अनुसार पिछले साल तकरीबन 20 लाख कावंड़िये दिल्ली के रास्ते गुजरे थे। और इस साल इस सख्याँ के बढ़ने का ही अनुमान है। चुनावी साल होने के कारण स्थानीय नेताओं मे इस बार ऐसे कैंप लगाने की विशेष होड़ है। शिव सेना ने तो ऐलान तक कर दिया है कि अगर दिल्ली सरकार ने कावंड़ियों को विशेष सुविधाँये नही प्रदान की तो वह मुस्लिमों के लिए बनने वाले हज विश्राम स्थल को नही बनने देगी। और यह सब कुछ किया जा रहा है चुनाव में हिन्दु वोटों को हासिल करने के लिए।

परंतु अपने इस राजनैतिक फायदे के बीच यह लोग भूल जाते है कि जगह-जगह लगने वाले इन कैंपों की वजह से आम जनता की परेशानियाँ कितनी बढ़ गई है। आधी से ज्यादा सड़क को ये कैंप घेर लेते है, जिसकी वजह से पूरे दो हफ्ते तक दिल्ली की सड़को पर जाम लगा रहता है। कहीं-कहीं तो सड़कों को पूरी तरह से बंद कर दिया जाता है। दिल्ली – मेरठ जैसे व्यस्त हाईवे को भी एक सप्ताह के लिऐ बंद कर दिया जाता है। और यह सब किया जाता है उन शिव भक्तों के लिये जिनमें से 80% से अधिक केवल रास्ते में मिलने वाली सुविधाओं को भोगने के लिऐ ही इस यात्रा पर जाते है। इन झूठे भक्तों के व्यवहार में न तो धर्म का और न ही पवित्रता का कोई स्थान होता है। यात्रा के दौरान इन लोगों द्वारा बीड़ी, सिगरेट, पान, तंबाखु आदि का प्रयोग निर्बाध रूप से जारी रहता है। कहीं-कहीं तो कुछ लोग भोले-बाबा के नाम पर नशा तक करते पाए जाते है। आखिर यह कैसी पूजा है? अनेकों स्थानो पर आम लोगो को इन कावंड़ियों की गुंड़ागर्दी का शिकार होना पड़ता है। हर साल इन कावंड़ियों के गुटों द्वारा लूट्पाट के समाचार सुनने को मिलते है।

समझ मे नही आता की ऐसे पापी, दिशाहीन व चरित्रहीन लोगो के लिए इतने अधिक कैपों का आयोजन क्यों किया जाता है। जबकी इन कैपों मे मिलने वाली सुविधाँओं व मौज-मस्ती के कारण ही इन नकली कावंड़ियों की संख्या साल-दर-साल बढ़ती ही जा रही है।

मेरे विचार में सरकार एवं धार्मिक संगठनों को ऐसे लोगो को हत्तोत्साहित करने के लिऐ निम्न उपाये करने चाहिये।

  1. इन कैपों की संख्या व उनमें मिलने वाली सुविधाओं मे कमी की जाये।
  2. दो कैपों के बीच कम-से-कम आठ से दस किलोमीटर का फासला हो।
  3. इन कैपों में सिगरेट, पान, तंबाखु व गुटखा खाने वाले लोगो को न ठहरने दिया जाए।
  4. कैपों में विभिन्न व्यंजनों की बजाए केवल सात्विक आहार (जैसे फल और दूध) ही दिया जाये।
  5. कैंपों मे दिन-रात बजने वाले कान-फोड़ू संगीत को बंद किया जाये।
  6. थोड़ी-थोड़ी दूर पर छोटे-छोटे कैंपों की जगह बड़े-बड़े मैदानों में विशाल कैंप लगाये जाये, जिससे सड़को पर यातायात में व्यवधान न पड़े।

यदि यह उपायें अपनाये जायें तो झूठे एवं मक्कार कावंड़ियों की संख्या में अवश्य कमी आयेगी तथा आम जनता को भी राहत मिलेगी। इसके साथ ही लोग भी सच्चे कावंड़ियों को हिकारत की नजरों से देखना बंद कर देंगे।


न्यूज चैनलों का सच!

July 15, 2008

दो महिने के बाद CBI ने राजेश तलवार को क्लिन चीट दे दी है। दो महिने तक सभी चैनलों की धमाचौकड़ी, दिमागी कसरत व खुद जाँच ऐजेंसी बनने के बाद भी आज तक आरुषि-हेमराज हत्याकाँड का खुलासा नही हुआ है। जमानत पर रिहा होने के बाद भी राजेश तलवार पर शायद अभी भी शक की गुजांईश बाकी है। लेकिन इस सब ड्रामे के बीच जो अच्छी बात लगी, वह है अनगिनत खबरिया चैनलों के बीच मे से एक न्यूज चैनल का निष्पक्ष एवं स्वच्छ रुप में सामने आना। जब सैकड़ों चैनलो के बातचीत के प्रस्ताव पर दुर्रानी दपंती ने कहा कि वे केवल NDTV चैनल से बातचीत करेगें और केवल उसी चैनल के रिपोर्टर को अपने बयान की बाइट देंगे, तो दिल को कुछ सुकुन का एहसास हुआ। लगा कि लोग स्वच्छ एवं सुघड मिडिया को पहचानते है। नही तो इन न्यूज चैनलों को देख कर तो लगने लगा था कि लोगो कि दिलचस्पी अब खबरों में न हो कर केवल भूतप्रेत एवं अपराधियों की कहानियों मे है।

पिछ्ले एक-दो सालों का मेरा स्वयं का अनुभव बताता है कि खबरिया चैनलों की भीड़ मे केवल NDTV ही एकमात्र चैनल है जो खबरों को सनसनी न बनाकर, उनकी तह तक पहुँचने की कोशिश करता है। और साथ ही खबर के हर पक्ष का विश्लेण करने का प्रयास करता है। जिसमें वह कभी सफ़ल होता है और कभी नही भी होता है। लेकिन उसके प्रयासो मे ईमानदारी साफ़ दिखाई देती है। इस बात से काफ़ी राहत मिलती है कि “सबसे तेज” चैनलों की भीड मे एक चैनल तो है जो खबरों को संतुलित एवं निष्पक्ष रुप में दर्शकों तक पहुचाने मे अभी भी यकीन रखता है। केवल NDTV ही ऐसा एकमात्र चैनल है जिस पर तांत्रिको एवं अपराधियों के मेलोड्रामा के लिए कोई जगह नही है।

एक न्यूज चैनल का अपनी तमाम व्यवसायिक मजबूरियों के बावजूद अपने को स्तरीय एवं संतुलित बनाये रखने का प्रयास निश्चय ही प्रशंसनीय है। NDTV को सलाम! आखिर खबर तो वही है जो सच दिखाये।


तारे जमीन पर

November 1, 2007

देखो इन्हे ये ओस की बुंदे

पत्तो की गोद में आसमां से कुदे

अगंडाई ले फिर करवट बदल कर

नाजुक से मोती ह्सँ दे फिसलकर

खो न जाये ये तारे जमीन पर।

ये शब्द है आमिर खान की आने वाली नई फिल्म ‘तारे जमीन पर’ के शीर्षक गीत के। लेकिन इन शब्दों में मात्र गेयता ही नही है अपितु कविता की कल्पना भी है। गीत के प्रोमो को देखकर ही पता चलता है कि गीतकार ने छोटे बच्चों की ओस की बुदों के रुप में कल्पना की है। ओस की बुदों का मानवीकरण करके गीतकार ने केवल कुछ शब्दों मे ही बच्चों की चचंलता, निश्छलता और नाजुकता का वर्णन कर दिया है। इस गीत के लेखक है ‘प्रसुन जोशी’।

इस तरह के गीत आजकल हिन्दी फिल्मों मे कम ही सुनने को मिलते है। वैसे तो पिछले कुछ वर्षो मे हिन्दी फिल्मों में बहुत से सुंदर गीत सुनने को मिले है लेकिन फिर भी इतने भावप्रण गीतों की संख्या कम ही है। “रग दे बसंती” में भी प्रसुन के ही लिखे गीत थे जो कि काफी अच्छे लगे थे। प्रसुन के अलावा एक और गीतकार है ‘स्वानंद किरकिरे’ जिनके गीत भी काफी भावुक तथा काव्यात्मक होते है। परिणिता फिल्म के गीत इसका उदहारण है।

टीवी पर ‘तारे जमीन पर’ के प्रोमो मे गीत का केवल कुछ हिस्सा ही सुनने को मिलता है। पुरे गीत का बेसब्री से इतंजार है। और फिल्म का भी। आखिर आमिर खान मेरे फेवरेट कलाकारों में से एक है।


रियेलिटी शो और जनता

October 6, 2007

सोनी का इंडियन आईडिल खत्म हो चुका है, जी टीवी का “सा रे गा मा” भी अपने अंतिम पड़ाव पर है और हमे लगा था की शायद स्टार का “वी ओ आई” भी अब कुछ हफ़्तो में अपना लगंर उठा लेगा। लेकिन नही जनाब, इस हफ़्ते निर्देशक ने ऐसी छ्ड़ी घुमाई की अब इस प्रोग्राम को तीन महीने तो आराम से खींचा जा सकता है। “वाइल्ड कार्ड एट्रीं” से तीन प्रतियोगियों को दुबारा चांस दिया जा रहा है, और यह सब हो रहा है जनता की माँग पर। लेकिन जरा इन लोगों से पुछो कि यदि यह जनता की माँग थी तो जनता ने इन्हें पहले निकाला ही क्यों।

कल एक मजेदार वाक्या और देखने को मिला, आदरणीय जजों ने अपने वीटो पावर के द्वारा दो कि बजाए तीन उम्मीदवारों को “वाइल्ड कार्ड एट्रीं दिलवाई। वजह? क्योंकि तीसरी प्रतिभागी भी काफी अच्छा गाती है और उसका बाहर होना उसके टैलेंट के साथ नाइंसाफी होता। लेकिन जब वही प्रतिभागी पहले बाहार हो रही थी तभी इन जजों ने अपने वीटो पावर का इस्तेमाल क्यों नही किया? और अगर जनता नें इन्हें फिर से बाहर कर दिया तब क्या होगा? क्योंकि जनता तो सब मेरी तरह है संगीत का “क ख ग” भी नही जानती। जिसका गाना जिस दिन दिल को भा गया बस उसे ही वोट दे दिया। बाकी दुसरे ज्यादा योग्य उम्मीदवार की सारी मेहनत, सारा रियाज जायें भाड़ में। पता नही यह जज वहाँ बैठकर, संगीत की जानकारी रखते हुये भी ऐसा क्यों होने देते है। चाहे वह इंडियन आईडिल हो, सा रे गा मा हो या फिर स्टार वी ओ आई हो सब जगह एक ही कहानी है.

और यह सब होने दिया जाता है सिर्फ sms से होने वाली कमाई के लिये। जजों को अपनी नौटकी का पैसा मिल जाता है, चैनल को अपना हिस्सा और निर्देशक को अपना। बाकी सगींत की सेवा वह तो केवल दिखावा है जनता से sms मांगने का। इस हफ्ते इंडिया टुडे में छपी रपट के अनुसार इंडियल आईडिल को अब तक 7 करोड़ तथा सा रे गा मा को 5.5 करोड़ sms मिल चुके है। यदि 3 रूपये की एवरेज कोस्ट भी लगाई जाए तो 15 से 20 करोड़ की आमदनी तो केवल sms के द्वारा ही। जब लोगों को बेवकूफ बना कर भी इतनी कमाई की जा सकती है तो संगीत की गहराई में डूबने की क्या आवश्यकता है। जीतने के बाद चाहे इन विजेताओं को कोई भी न पुछे, इससे इन लोगों को क्या। यह लोग तो अगले साल फिर से नए चेहेरों को लेकर जनता को बेवकूफ बनाने आ जायेगें


विंडोज का लाइव राईटर

October 4, 2007

अभी कुछ देर पहले ही श्रीश जी के ब्लाग पर इस टूल के बारे में पढा था। पढते ही डाउनलोड कर लिया और ट्राई भी कर लिया। चलो इस बहाने से ही काफी दिनों के बाद कुछ पोस्ट तो किया, नही तो हम अपने ही चिट्ठे को भुलते जा रहे थे।


भारती की गवाही

November 29, 2006

भारती यादव को आखिरकार आना ही पड़ा। वैसे भारती के परिवार ने कोशिश तो काफी की उसको गवाही से बचाने के लिए। लेकिन हाय रे किस्मत, पासपोर्ट ने सब गड़बड़ कर दी। चलो देर से ही सही अब भारती की गवाही हो सकेगी। लेकिन देखना होगा कि भारती कोर्ट मे कया बयान देती है। क्या भारती अपने परिवार के खिलाफ जा सकेगी? वैसे अगर वह ऐसा पिछ्ले कई सालों मे नही कर पाई तो संदेह होता है कि वह आज भी ऐसा कर पायेगी। लेकिन यदि भारती ऐसा कर पाती है तो सच की यह एक और जीत होगी।

पिछले कुछ समय से मीड़िया में चर्चित कई केसों के फैसले आए है और काफी त्वरित आये है। चाहे वह प्रियदर्शनी मट्टू केस हो या फिर जेसिका लाल केस की पुनः सुनवाई हो। और ऐसा हो पाया है केवल मीड़िया की सजगता के कारण। मीड़िया ने जिस प्रकार इन केसों पर नजर रखी तथा जनता को इन मुद्दों से जोड़े रखा वह सचमुच काबिले तारिफ है। वैसे और भी आच्छा हो यदि यही मीड़िया रोज दो-तीन घंटे क्रिकेट पर बर्बाद करने की बजाए, जनता को इसी प्रकार सामाजिक मुद्दों पर जागरुक करें तथा उन्हें उनसे जुड़ने मे मदद करें।


यह कैसी सरकार!

November 7, 2006

लो महिने भर की टाल-मटोल के बाद वह स्थिति ही गई जिसका की सभी को अंदेशा था। सुप्रिम कोर्ट ने साफ कर दिया कि दिल्ली में सिलिंग नही रूकेगी। पिछले महीने व्यापारियों के सड़को पर उतरने तथा सीलमपुर में दो लोगों की मौत के बाद लोगों को लगा था कि शायद अब सरकार हरकत में आयेगी और इस समस्या का कोई समाधान लायेगी। लेकिन बार-बार कोर्ट से मोहलत लेने के बावजूद इस सरकार ने कोई ठोस कार्य नही किया। और कल सुप्रिम कोर्ट से कड़ी फटकार के बावजूद भी नही लगता कि इन नेताओं की चमड़ी पर कोई फर्क पढ़ेगा।

अब सुप्रिम कोर्ट की फटकार के बाद इस सरकार का कहना है कि वह इस मामलें में ज्यादा कुछ नही कर सकती और कोर्ट के आदेश का पालन करना उसकी संवैधानिक मजबूरी है। लेकिन अफजल की फाँसी की सज़ा और सांसदों के लाभ के पद के मामले में इस सरकार का विवेक कहाँ था? आखिर वह भी तो सुप्रिम कोर्ट के ही निर्णय थे! उस समय इस सरकार की कोर्ट के निर्णय को मानने की बाध्यता नही थी क्या?

कोर्ट के निर्णय के बाद आज फिर व्यापारी सड़कों पर होगें। उन्हे उम्मीद है कि उनके आदोंलन तथा उग्र प्रदर्शन के बाद सरकार को होश आयेगा। वह 40 लाख लोगों की रोजी-रोटी की चिन्ता के प्रति सचेत होगी और समस्या के हल के लिए कोई पहल करेगी। लेकिन इसकी उम्मीद कम ही है। कल आजतक पर दिखाई एक रपट के अनुसार दिल्ली के नये बने मालों में पैसा ज्यादातर बड़े बिल्ड़रों और नेताऔं का ही लगा हुआ है, ऐसे में उनसे उम्मीद करना कि वे अपना नुकसान करेगें निरि बेवकूफी है। इसके अतिरिक्त अब रिटेल के कारोंबार में रिलांयस, टाटा, भारती और ITC जैसे बड़े मगरमच्छों के उतरने के पश्चात यह सोचना कि यह सरकार छोटी मच्छलियों की रक्षा करेगी अपने को धोखे में रखना है। वैसे भी इन नेताऔं को तो अपना हिस्सा मिल ही चुका होगा। बाकी जायें भाड़ मे उनकी बला से!पूंजिवाद की जय हो। डालर देवता की जय हो।